सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के छर्रा गांव में बिजली के टूटे तार ने एक किसान की जान ले ली। सुबह अपनी फसल देखने खेत पहुंचे 55 वर्षीय किसान की करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक बाबूलाल साहू, पिता रतन साहू, उम्र 55 वर्ष, रोजाना की तरह रविवार सुबह करीब 5 बजे अपनी फसल देखने खेत की ओर गया था। इसी दौरान खेत में पहले से टूटकर गिरा एलटी बिजली का तार उसकी नजर में नहीं आया और वह उसकी चपेट में आ गया। तार में करंट प्रवाहित होने के कारण बाबूलाल साहू की मौके पर ही मौत हो गई।
घर नहीं लौटने पर तलाश में निकले परिजन
सुबह खेत जाने के बाद जब बाबूलाल साहू काफी देर तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता होने लगी। इसके बाद वे उसकी तलाश करते हुए खेत पहुंचे। वहां बाबूलाल का शव देखकर परिवार के लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भी शोक का माहौल बन गया।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे ने खेतों में बिजली के टूटे तारों से पैदा होने वाले खतरे को एक बार फिर सामने ला दिया है। सुबह अपनी फसल देखने निकले किसान को अंदाजा भी नहीं था कि खेत में पड़ा एक बिजली का तार उसकी जिंदगी छीन लेगा।
